Thursday, June 23, 2011

खौफनाक इलाका जहां उठती हैं लपटें, रुकती हैं घड़ियां

मॉस्को. रूस के उराल क्षेत्र में स्थित पर्म नामक स्थान (ऍम ज़ोन)विचित्र रहस्यों से घिरा हुआ है। माना जाता है कि एकेतेरिनाबर्ग से करीब 280 किलोमीटर दूर स्थित पर्म क्षेत्र में दूसरे ग्रहों से आए अंतरिक्ष यान उतरते रहते हैं।

इस स्थान पर कई उड़न तश्तरियों को देखा गया है। इस जगह का दौरा करने वाले हर व्यक्ति को कुछ अज्ञात, रहस्यपूर्ण और चमत्कारिक शक्तियों की उपस्थिति महसूस होती है। इस स्थान पर कुछ रहस्यमयी आवाजें सुनाईं देती हैं, जिनके स्रोत का कभी पता नहीं लगाया जा सका। कई मामलों में रूस का बरमूडा त्रिकोण कहे जाने वाले पर्म जोन में आने वाले बीमार लोग बिना किसी इलाज के ठीक हो गए।

दुनिया की निगाह में पर्म सबसे पहले वर्ष 1989 में आया। मोलेब्का और कामेंका गांवों के बीच सिल्वा नदी के किनारे फैले करीब 44 वर्ग किलोमीटर के इस क्षेत्र के रहस्यों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इस इलाके में कई बार अचानक आग की तेज लपटें उठती हैं। माना जाता है कि इस क्षेत्र में धरती के नीचे तेल के भंडार हैं। तेल के ऊपर आने से आग की लपटें उठ सकती हैं। इस वैज्ञानिक कारण को मान लेने के बावजूद यह काफी असामान्य घटना है। 



मोलेब्का गांव में सेलफोन केवल कुछ ऊंची पहाड़ियों पर ही काम करता है। लोग केवल स्थानीय ऑपरेटर के माध्यम से ही फोन कर सकते हैं। परंतु वहां २गुणा२ मीटर का एक ऐसा स्थान है जहां खड़े होने पर मोबाइल फोन का नेटवर्क बेहतरीन ढंग से काम करता है। 

अचानक ठप्प हो जाती हैं इलेक्ट्रॉनिक घड़ियां
इस क्षेत्र में कई प्रयोगों के दौरान पाया गया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अचानक काम करना बंद कर देते हैं। कई पर्यटकों की इलेक्ट्रॉनिक घड़ियां अचानक बंद हो जाती हैं। कई बार तो घड़ियों के समय में बदलाव की घटनाएं भी सामने आईं। इलाके के रहस्यों में शोध कार्यो के लिए गए वैज्ञानिकों में से कई ने स्वीकार किया कि उनको हर समय लगता था कि कोई उन पर हर समय निगाह रखे हुए है।

No comments:

Post a Comment